देहरादून : (फरमान मलिक) कालसी क्षेत्र में कुवाणू – मीनस मार्ग पर कुवाणु के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेरवा से पांवटा साहिब की ओर जा रही हिमाचल रोडवेज की बस संख्या HP66A-2588 अनियंत्रित होकर कुवाणु–मीनस मोटर मार्ग पर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही SDRF की टीमें पोस्ट चकराता, त्यूणी और डाकपत्थर से तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटनास्थल दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में करीब 35 से 36 यात्री सवार थे। हादसे में बस चालक समेत कुल तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 से 12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए विकासनगर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना राजस्व क्षेत्र में हुई है, जहां SDRF और पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट से सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
मृतकों का विवरण इस प्रकार है—
यास्मीन बेगम पत्नी नेक मोहम्मद, उम्र 46 वर्ष, ग्राम क्यारला, नेरवा (हिमाचल प्रदेश)
रिचा पत्नी बिरेंद्र, उम्र 30 वर्ष, ग्राम विज़मल, नेरवा (हिमाचल प्रदेश)
धन बहादुर, ग्राम क्यारला, नेरवा (हिमाचल प्रदेश)
प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि रेस्क्यू ऑपरेशन देर शाम तक जारी रहा।


