लखनऊ : (फरमान मलिक) उत्तर प्रदेश में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जाएगा। “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत प्रदेशभर में 37 करोड़ पौधरोपण का नया रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और आजमगढ़ से इस महाअभियान का शुभारंभ करेंगे।

इस अभियान के लिए 52.43 करोड़ पौधे नर्सरियों और अन्य स्थलों पर तैयार किए गए हैं। मुख्यमंत्री के साथ-साथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (मेरठ), ब्रजेश पाठक (लखनऊ), वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना और अन्य कैबिनेट व राज्यमंत्री भी विभिन्न जनपदों में पौधे लगाएंगे।

राज्यभर में व्यापक तैयारी:
प्रदेश सरकार ने इस अभियान के लिए 26 विभागों और 25 करोड़ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की है। सभी 18 मंडलों में एकसाथ पौधरोपण किया जाएगा, जिसमें लखनऊ मंडल में सर्वाधिक पौधे लगाए जाएंगे। प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किए गए हैं और सचिव स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जिन्होंने मंगलवार को जिलों में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

वन विभाग की अग्रणी भूमिका:
वन, वन्यजीव और पर्यावरण विभाग मिलकर 14 करोड़ से अधिक पौधे लगाएगा। साथ ही, राज्य में अटल वन, एकता वन, ऑक्सी वन, शौर्य वन, त्रिवेणी वन, गोपाल वन जैसी थीम आधारित हरित संरचनाओं की भी स्थापना की जाएगी।

विशेष योगदान:

  • 21313 हेक्टेयर भूमि पर 13 प्रमुख नदियों सहित तमाम नदियों के किनारे 3.56 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।
  • सड़क किनारे वन विभाग द्वारा 1.14 करोड़ पौधे,
  • एक्सप्रेसवे के किनारे 2.5 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे।
  • सहजन भंडारा कार्यक्रम के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी सहजन के दो-दो पौधे लगाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी कार्यक्रम स्थल पर जनसंवाद करेंगे और कार्बन क्रेडिट के तहत सात किसानों को चेक भी वितरित करेंगे।

यह अभियान न सिर्फ हरियाली बढ़ाने का प्रतीक है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास की दिशा में एक मील का पत्थर भी है।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version