पिरान कलियर/हरिद्वार : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणामों में 708वीं रैंक को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम की स्थिति बन गई है। फैरूज फातिमा नाम की अभ्यर्थी को बधाई देते हुए अलग-अलग पोस्ट साझा की जा रही हैं, जिनमें केरल और हरिद्वार जिले के पिरान कलियर की दो अलग-अलग लड़कियों की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्टों में एक तस्वीर एक केरल के कोचिंग संस्थान द्वारा साझा की गई बताई जा रही है, जिसमें अभ्यर्थी को केरल से बताया गया है। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में कुछ लोग पिरान कलियर की एक युवती को 708वीं रैंक मिलने का दावा करते हुए उसकी तस्वीर और बधाई संदेश सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इन अलग-अलग तस्वीरों और दावों के कारण लोगों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।
इस मामले में जानकारी जुटाने के लिए हरिद्वार टाइम्स की ओर से संबंधित कोचिंग सेंटर से संपर्क किया गया। कोचिंग सेंटर की तरफ से दिए गए जवाब में कहा गया,
“Fairuz Fathima M secured AIR 708, and she was a student of our Prelims-cum-Mains batch.”
कोचिंग संस्थान द्वारा साझा की गई पोस्ट में अभ्यर्थी को केरल से संबंधित बताया जा रहा है।
हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ पोस्टों में हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र की एक लड़की के भी 708वीं रैंक प्राप्त करने का दावा किया जा रहा है। इन दावों के चलते सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है और लोग वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल इतना स्पष्ट है कि UPSC सिविल सेवा परीक्षा में 708वीं रैंक फैरूज फातिमा नाम की अभ्यर्थी ने प्राप्त की है, लेकिन वायरल हो रही अलग-अलग तस्वीरों और दावों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। वास्तविक तथ्य की पुष्टि के लिए आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


