मंगलौर : (फरमान मलिक) विधानसभा मंगलौर के ग्राम पीरपुरा में संत शिरोमणि रविदास जयंती का पर्व श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी एवं सुराज सेवा दल के वरिष्ठ नेता इंतजार प्रधान द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसने सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की।

भंडारे में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। लोगों ने प्रसाद ग्रहण करने के साथ-साथ समाज में प्रेम, समानता और एकता का संदेश भी साझा किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में नजर आया, जहां संत रविदास जी के भजनों से माहौल आध्यात्मिक हो उठा।

इस अवसर पर इंतजार प्रधान ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों से मानवता, प्रेम और समानता का संदेश दिया। उनके विचार किसी एक जाति या धर्म तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एक मंच पर लाना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। हम सभी को संत रविदास जी के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज से भेदभाव मिटाने का संकल्प लेना चाहिए।
ग्रामीणों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इंतजार प्रधान हमेशा गांव में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सक्रिय रहते हैं। रविदास जयंती पर आयोजित यह भंडारा इस बात का प्रमाण है कि ग्राम पीरपुरा में हिंदू-मुस्लिम भाईचारा मजबूत और अटूट है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भी आपसी मेलजोल और सद्भाव की प्रेरणा मिलती है।
भंडारे में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाया।
Share this



