बहादराबाद : (फरमान मलिक) दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवा डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला डॉक्टर गहरे सदमे में हैं। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार बिहार निवासी डॉ. ऋतुराज (25) बहादराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इंटर्नशिप कर रहे थे। वह स्कूटी से सीएचसी जा रहे थे और उनके साथ महिला डॉक्टर डॉ. दिव्या भी सवार थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे दिल्ली नंबर के एक वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉ. ऋतुराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डॉ. दिव्या इस घटना के बाद सदमे में हैं। सीएचसी बहादराबाद की प्रभारी डॉ. आरती सिंह के अनुसार, डॉ. ऋतुराज मदरहुड यूनिवर्सिटी, रुड़की से बीएएमएस की पढ़ाई कर रहे थे और छह माह की ट्रेनिंग के तहत उनकी तैनाती यहां की गई थी।
वहीं, थाना बहादराबाद प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों में गहरा दुख और आक्रोश देखा जा रहा है।
Share this



