गैरसैंण : (फरमान मलिक) गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने और राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सुराज सेवा दल ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता विधानसभा सत्र के दौरान गैरसैंण की ओर कूच कर गए।

प्रदर्शनकारियों ने “उत्तराखंड का सुख और चैन – गैंरसैंण, गैंरसैंण” और “अभी दो-अभी दो, गैरसैंण राजधानी दो” जैसे नारे लगाते हुए सरकार से तत्काल निर्णय की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि गैरसैंण उत्तराखंड आंदोलनकारियों की ऐतिहासिक व भावनात्मक राजधानी रही है। इसे स्थायी राजधानी घोषित करना जनता की आकांक्षाओं का सम्मान होगा। राजधानी गैरसैंण बनने से पहाड़ से पलायन रुकेगा और शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहाड़ों तक पहुंचेंगी।

जबरदस्त जोश और नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारी लगभग छह किलोमीटर पैदल चढ़ाई कर विधानसभा की ओर बढ़े, लेकिन दीपालीखाल में प्रशासन ने बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल तैनात कर उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।

अंततः प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ता इंतजार प्रधान ने कहा कि यह आंदोलन केवल राजधानी के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास, पलायन रोकने और पहाड़ी जनमानस की अस्मिता की रक्षा के लिए है। यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो सुराज सेवा दल राज्यव्यापी जन आंदोलन छेड़ेगा।

गिरफ्तारी देने वालों में इंतजार प्रधान, रईस अहमद, साबिर राणा, सनव्वर अंसारी, नफीस अहमद खटका, उस्मान पीरपुरा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।


Share this

Comments are closed.

Exit mobile version