मंगलौर : (फरमान मलिक) ग्राम खेड़ाजट में 3 फरवरी 2026 की शाम हुई सनसनीखेज फायरिंग घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। फरार आरोपियों पर दबाव बढ़ाने के लिए पुलिस ने अब कुर्की की कार्यवाही शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर पुलिस ने अब तक इस प्रकरण में 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने माननीय न्यायालय के आदेश पर फरार चल रहे अभियुक्त हिमांशु उर्फ मौला पुत्र प्रवीण निवासी ग्राम खेड़ाजट के खिलाफ धारा 84 BNSS के तहत कुर्की की मुनादी की कार्रवाई अमल में लाई।
शनिवार को पुलिस भारी फोर्स के साथ आरोपी के घर पहुंची। नियमानुसार ढोल-नगाड़े बजाकर पूरे गांव में मुनादी कराई गई और सार्वजनिक रूप से घोषणा की गई कि यदि अभियुक्त तय समय सीमा के भीतर न्यायालय या संबंधित थाने में आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसकी चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया जाएगा।
इसके साथ ही न्यायालय द्वारा जारी नोटिस आरोपी के घर के मुख्य द्वार और सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए गए। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें भी कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Share this



