हरिद्वार : (फरमान मलिक) हरिद्वार में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चौथे दिन भी सख्ती के साथ जारी रहा। शुक्रवार को दीनदयाल पार्किंग क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर 10 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए, जबकि 8 अवैध ठेलियों को जब्त किया गया।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त नंदन कुमार ने संबंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई और अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा और अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर सहित नगर निगम की टीम मौके पर मौजूद रही। सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


