नागल : (फरमान मलिक) सीडकी-झबरेड़ा मार्ग पर नागल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। गांव बोहडुपुर के पास काली नदी पर बन रहे पुल पर बजरी से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पास में सो रहे मजदूरों के टेंट पर पलट गया। हादसे के समय टेंट में सो रहे पांच मजदूर बजरी के नीचे दब गए।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बजरी हटाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने असगर, इस्तखार और शौकीन (निवासी जाटोवाला, थाना मिर्जापुर) को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुलफाम (निवासी जाटोवाला) और कर्मवीर (निवासी असगरपुर) का इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार पुल का निर्माण कार्य पिछले डेढ़ महीने से चल रहा है। रात के समय चालक वैकल्पिक रास्ते से जाने के बजाय सीधे निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही करीब 15 मजदूर छुट्टी पर गए थे, अन्यथा मृतकों की संख्या और अधिक हो सकती थी।

सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने बताया कि ट्रक खेड़ा मुगल क्षेत्र की ओर बजरी लेकर जा रहा था। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version