हरिद्वार : (फरमान मलिक) नगर आयुक्त नंदन कुमार की अध्यक्षता में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के क्रम में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के सभी वार्डों की सफाई व्यवस्था को लेकर मुख्य सफाई निरीक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई और कई अहम निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान घाटों पर सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़ाकर 130 करने के निर्देश दिए गए। वहीं डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण करने वाली कंपनियों को वाहनों की संख्या बढ़ाने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
रोड़ी बेल वाला क्षेत्र में नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर नए टिपरों के माध्यम से कूड़ा निस्तारण कार्य कराने को कहा गया। साथ ही डोर-टू-डोर एजेंसियों को अपने सभी ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को ढककर संचालित करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने सभी वाहनों का VLTS पोर्टल पर अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा सभी कूड़ा संग्रहण वाहनों पर पेंटिंग कराने और ड्राइवर व हेल्पर के मोबाइल नंबर अंकित करने के भी निर्देश दिए गए।
एमआरएफ सेंटर संचालन के लिए निविदाएं आमंत्रित करने को कहा गया। साथ ही सभी सफाई निरीक्षकों को एंटी लिटरिंग एवं स्पिटिंग एक्ट के तहत प्रतिदिन न्यूनतम 10 चालान करने और उसकी दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, श्रीकांत, विकास चौधरी, सुनील कुमार, अर्जुन सिंह, विकास चाचर, मनोज कुमार, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, सुरेंद्र कुमार, एसबीएम कंसल्टेंट मनीष दुबे समेत डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



