पिरान कलियर : (फरमान मलिक) रहमतपुर में आज बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां बड़ी संख्या में लोग हाथों में झंडे और बाबा साहब के चित्र लेकर शामिल हुए। जयकारों और नारों के बीच शोभायात्रा ने पूरे इलाके का भ्रमण किया, जिससे हर ओर जोश और उत्साह देखने को मिला।

शोभायात्रा के दौरान युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, शिक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है, जिन्होंने समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का अधिकार दिलाया। इस मौके पर वक्ताओं ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज में भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।
पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को जागरूक करना और उन्हें बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना रहा।
Share this



