देहरादून : (फरमान मलिक) देहरादून में सोशल मीडिया पर चल रहा विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। उर्मिला सनावर के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ की ओर से दी गई है, जो पहले से ही सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप को लेकर चर्चा में रही हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लगातार आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा किए, जिससे आरती गौड़ की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। साथ ही लोगों को उनके खिलाफ भड़काने का भी आरोप लगाया गया है।
आरोप यह भी है कि सोशल मीडिया पर मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया गया, जिसके बाद उन्हें अनजान कॉल और धमकियां मिलने लगीं। शिकायतकर्ता ने खुद को असुरक्षित बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।



