हरिद्वार :(फरमान मलिक) जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा 17 अप्रैल को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला प्रातः 10:00 बजे से कार्यालय परिसर में शुरू होगा, जिसमें सिडकुल हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र की कई प्रमुख औद्योगिक इकाइयां हिस्सा लेंगी।
इस रोजगार मेले के माध्यम से करीब 260 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें पल्स फार्मास्युटिकल्स प्रा. लि., रॉकमैन इंडस्ट्रीज लि., पाटिल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि., शिवानी ऑटोटेक लिमिटेड और परिश्रम ह्यूमन रिसोर्स जैसी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं से लेकर इंटरमीडिएट, आईटीआई (फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक, वायरमैन), डिप्लोमा सिविल और बी.फार्मा/एम.फार्मा (अनुभव सहित) निर्धारित की गई है। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष रखी गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी 17 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे अपने शैक्षिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों और सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण पत्र के साथ मेले में पहुंच सकते हैं। रोजगार मेले में आने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्य दिवस में जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार से संपर्क कर सकते हैं।



