पिरान कलियर : (फरमान मलिक) कलियर प्रेस क्लब रजि. की महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने आपसी एकजुटता और विश्वास का परिचय देते हुए बिना किसी चुनावी प्रक्रिया के पदाधिकारियों का चयन किया तथा वर्तमान नेतृत्व पर दोबारा भरोसा जताया।

सर्वसम्मति से जावेद साबरी को अध्यक्ष, सर्वर सिद्दीकी को उपाध्यक्ष, जावेद अंसारी को महामंत्री, असलम खान को सचिव तथा नोशाद अली को कोषाध्यक्ष चुना गया। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद उपस्थित पत्रकारों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जावेद साबरी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कलियर प्रेस क्लब निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए सदैव समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की गरिमा, अधिकारों की रक्षा और संगठन की मजबूती उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उपाध्यक्ष सर्वर सिद्दीकी ने कहा कि क्लब का प्रत्येक सदस्य एक परिवार का हिस्सा है और आपसी सहयोग व भाईचारे के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। महामंत्री जावेद अंसारी ने कहा कि सर्वसम्मति से हुआ यह गठन पत्रकारों के बीच मजबूत विश्वास और एकजुटता का प्रतीक है तथा क्लब पत्रकार हितों और निष्पक्ष पत्रकारिता को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
सचिव असलम खान ने संगठन में पारदर्शिता, अनुशासन और सक्रियता बनाए रखने का भरोसा दिलाया, जबकि कोषाध्यक्ष नोशाद अली ने क्लब के संसाधनों का ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ उपयोग करने तथा संगठन के विकास एवं पत्रकार कल्याण को प्राथमिकता देने की बात कही।
बैठक की विशेष बात यह रही कि सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार प्रवेज़ आलम को कलियर प्रेस क्लब रजि. का संरक्षक मनोनीत किया गया। सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिलेगी तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व सचिव फ़रमान मलिक ने अपनी स्वेच्छा से क्लब के सचिव पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह व्यक्तिगत है और संगठन के प्रति उनके सम्मान एवं विश्वास में कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आगे भी कलियर प्रेस क्लब रजि. के एक सक्रिय सदस्य के रूप में संगठन से जुड़े रहेंगे तथा पत्रकार हितों, निष्पक्ष पत्रकारिता और क्लब की मजबूती के लिए पूर्व की भांति अपना सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगी।
बैठक में डॉ. मोहम्मद उस्मान, आरिफ हिन्दुस्तानी, दिलदार अब्बासी, शाहनवाज़ शाह, मुस्लिम साबरी, अर्सलान अली, शान साबरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
Share this



