अलीगढ़ के चर्चित सास-दामाद केस के बाद अब बदायूं में भी कुछ इसी तरह का मामला सामने आया है. यहां सास-दामाद तो नहीं बल्कि समधी और समधन फरार हो गए. महिला अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई है. फिलहाल महिला का पति उसे ढूंढने निकला है।

यह मामला उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली ममता नाम की महिला ने अपने ही बेटी के ससुर शैलेंद्र से रिश्तों की हर सीमा पार कर दी। शैलेंद्र रोडवेज में ड्राइवर है और अकसर ममता के घर आना-जाना करता था। रिश्ते में वह ममता का समधी था लेकिन दोनों के बीच नजदीकियां इस कदर बढ़ गईं कि आखिरकार 11 अप्रैल की रात ममता घर से गहने और नगदी लेकर फरार हो गई।

ममता और शैलेंद्र के बीच चल रहे प्रेम-प्रसंग को लेकर महिला के पति को पहले भी शक था। यही नहीं, ममता पहले भी तीन बार शैलेंद्र के साथ भागने की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन हर बार किसी ना किसी तरह उसे रोक लिया गया। इस बार दोनों पहले से पूरी तैयारी में थे। ऑल्टो कार में सवार होकर देर रात भाग निकले, पीछे छूट गए चार छोटे-छोटे बच्चे और हैरान पति।
भागने से ठीक पहले एक बड़ा खुलासा तब हुआ जब ममता के बेटे ने उसे शैलेंद्र के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। बेटे ने जब विरोध किया तो घर में जबरदस्त झगड़ा हुआ और आखिरकार ममता ने घर हमेशा के लिए छोड़ दिया।

पुलिस सूत्रों की मानें तो ममता और शैलेंद्र के संबंधों की जानकारी कई पड़ोसियों को पहले से थी। उन्होंने बताया कि ममता का पति महीने में सिर्फ एक-दो बार ही घर आता था। इसी दौरान ममता और शैलेंद्र के बीच नजदीकियां बढ़ीं। रात 12 बजे शैलेंद्र को ममता के घर जाते और सुबह जल्दी निकलते देखा गया था। अब जब दोनों फरार हो गए हैं तो सब बातें सामने आ रही हैं।
ममता का पति ट्रक ड्राइवर है और इस समय बेहद सदमे में है। उसने दातागंज थाने में अपनी पत्नी और समधी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। CO केके तिवारी ने बताया कि 17 अप्रैल को केस दर्ज हुआ है और पुलिस दोनों की लोकेशन ट्रेस कर रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर सबके सामने लाया जाएगा।