पिरान कलियर : (फरमान मलिक) रुड़की से पिरान कलियर जाने वाले सुनसान मार्ग पर एक युवक के साथ लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। वारदात के दौरान बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट कर उससे नगदी और मोबाइल फोन छीन लिया। हालांकि सतर्क राहगीरों की बहादुरी से लुटेरों की योजना ज्यादा देर तक सफल नहीं हो सकी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार समीर निवासी लक्सर रुड़की से पिरान कलियर की ओर आ रहा था। वह रुड़की से एक ई-रिक्शा में सवार हुआ, जिसमें चालक सहित पहले से दो युवक बैठे थे। आरोप है कि मेहवड़ से पिरान कलियर जाने के दौरान ई-रिक्शा चालक ने मुख्य मार्ग छोड़कर बीच वाला सुनसान रास्ता पकड़ लिया।
जैसे ही वाहन पिरान कलियर के समीप पहुंचा, तीनों युवकों ने मिलकर समीर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके पास मौजूद नगदी व मोबाइल फोन छीनकर फरार होने लगे।

घटना से घबराए पीड़ित ने सड़क से गुजर रहे बाइक सवार युवकों को आवाज लगाकर मदद मांगी और पूरी आपबीती बताई। बाइक सवार युवकों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और मेहवड़ पुल के पास उन्हें रोक लिया। इसके बाद तीनों की जमकर धुनाई की गई।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों और राहगीरों ने आरोपियों के पास से लूटी गई रकम और मोबाइल फोन बरामद कर पीड़ित को वापस सौंप दिया। इसी बीच मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसका फायदा उठाकर तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सुनसान मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Share this



