“दरगाह प्रशासन और नगर पंचायत पर लगाया मनमानी का आरोप, आंदोलन की दी चेतावनी

पिरान कलियर : (फरमान मलिक) पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र में हो रहे भ्रष्टाचार, अवैध उगाही और आम जनता के शोषण को लेकर सुराज सेवादल संगठन अब सख्त हो गया है। संगठन के अध्यक्ष रमेश जोशी गुरुवार को अपने पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी हरिद्वार से मिले और भ्रष्टाचार से जुड़े कई मुद्दों को उनके संज्ञान में लाया।

रमेश जोशी ने कहा कि दरगाह प्रशासन व नगर पंचायत प्रशासन द्वारा व्यापारियों और स्थानीय लोगों को अतिक्रमण के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां वास्तव में अतिक्रमण है, वहां कोई कार्रवाई नहीं होती क्योंकि उन अतिक्रमणकारियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। “यदि क्षेत्र से भ्रष्टाचार खत्म कर दिया जाए तो पिरान कलियर की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है और यहां के लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिल सकते हैं,” उन्होंने कहा।

सुराज सेवादल पदाधिकारी इंतजार प्रधान ने कहा कि क्षेत्र में हो रही अवैध उगाही और भ्रष्टाचार अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़ा आंदोलन छेड़ेगा। इसमें पदयात्रा, धरना या अनशन जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।

*बैठक के दौरान सुराज सेवादल* पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि दरगाह क्षेत्र में चल रहे भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाई जाए। जिलाधिकारी ने संगठन को आश्वासन दिया कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

सुराज सेवादल ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि यदि जनता से जुड़ी समस्याओं का निवारण समय पर नहीं हुआ तो आंदोलन की रूपरेखा और कठोर होगी।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version