पिरान कलियर : (फरमान मलिक) पुरानी गंगनहर के किनारे बनाई गई मजार पर प्रशासन का बुलडोजर चला। प्रशासन, पुलिस और यूपी सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गंगनहर की भूमि से अवैध मजार को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

बुधवार सुबह ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी, यूपी सिंचाई विभाग के डीआरओ मुनेश कुमार, एसडीओ अर्जुन सिंह तथा थानाध्यक्ष पिरान कलियर रविन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद चिन्हित की गई अवैध मजार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच हटाया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। उन्होंने कहा कि यूपी सिंचाई विभाग की भूमि पर गंगनहर किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया है और आगे भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

इस दौरान नायाब तहसीलदार यूसुफ अली, जिलेदार राजकुमार, जेई बी डी धीमान, राजेन्द्र सिंह, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, ईओ कुलदीप सिंह चौहान, लेखपाल गुलफसा, गीता, कोमल खेड़ा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version