सहारनपुर : यूपी के सहारनपुर जिले के महिला जिला अस्पताल में बुधवार तड़के एक नवजात के गायब होने से हंगामा मच गया था। जब सीसीटीवी देखा गया तो पता चला कि एक महिला नवजात को लेकर जा रही है।
एसएसपी डा.विपिन ताडा के निर्देश पर बच्चा चोरी के मामले में 4 टीम बनाई गई थी। दो टीम हरियाणा में बुधवार से बच्चे की तलाश कर रही थी। पुलिस ने यमुनानगर की रहने वाली आशा रानी और मोहाली से उसकी बहन सुषमा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आशा रानी के पास से बच्चा बरामद किया है। आरोपी महिलाएं चार बहने हैं। जिनके कोई भी लड़का नहीं है। दो बहनों ने बच्चा चोरी का प्लान बनाया था। जिसके एक बहन ने जिला महिला अस्पताल में आकर रेकी की थी। वहीं परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर फूल बरसाकर स्वागत किया।
एसएसपी सहारनपुर द्वारा पुलिस टीम को 25,000/- का ईनाम दिया गया। जब बच्चा बरामद होने की सूचना परिजनों को मिली तो परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों और ग्रामीणों ने फुल मालाओं से पुलिस का स्वागत किया और पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाए।
आपको बताते चले थाना बेहट के गांव पाजराना के रहने वाले महफूज ने अपनी पत्नी सहरीन को प्रसव पीड़ा के चलते सहारनपुर के जिला महिला अस्पताल में 13 अगस्त की दोपहर को भर्ती कराया था। 14 अगस्त फिर सुबह को महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। परिवार के लोगों में खुशी का माहौल था।
16 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे प्रसूता सोई हुई थी। उसके पास उसकी जेठानी समीम बैठी हुई थी। थोड़ी देर के लिए शमीम वार्ड से बाहर गई। और उसके बाद वह जाकर दोबारा से वार्ड में अचानक से आंख लग गई। इसी बीच एक महिला ने आकर बच्चे को चुरा लिया। महिला की जब आंख खुली तो बेड पर उसका बच्चा नहीं था। उसने अपनी जेठानी को उठाया। जब सीसीटीवी देखा गया तो पता चला कि एक महिला नवजात को लेकर जा रही है। जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक तरफ जहां बच्चा चोरी होने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। दूसरी तरफ इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए थे।