लक्सर। शादी के महज छ: माह बाद ही महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज के नाम पर लाखों रुपए की नगदी व नई कार समेत अन्य सोने चांदी के आभूषण मांगने का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज ना देने पर उन्हें जिंदा जला कर जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी में छ: महा ,पहले अमित पाहवा निवासी ज्वालापुर के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी जिसमे दूल्हे के परिवार वालों की मांग पर महिला के परिजनों ने अपनी हैसियत से अधिक लगभग 17 लाख रुपए खर्च किए थे। लेकिन शादी के कुछ बाद ही महिला का पति महिला से एक लाख की हीरे की अंगूठी व ससुर पांच लाख नगदी की मांग करने लगा। इसके साथ ही उन्होंने महिला से नई कार की भी मांग की। जब महिला ने इसका विरोध किया दो ससुराल पक्ष के लोगों ने इकट्ठा होकर महिला के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी जिसकी सूचना महिला ने अपने परिजनों को फोन पर दी और महिला की मां और बहन उसके ससुराल चली गई। आरोप है कि महिला के पति अमित पाहवा व उसके परिजनों ने महिला की मां और बहन के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए दहेज न देने पर जिंदा जलाकर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से बाहर निकाल दिया। महिला ने लक्सर पुलिस को तहरीर देकर इंसाफ कि गुहार लगाई है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति अमित पाहवा व ससुर संदीप पाहवा, हिमांशु पाहवा, राधिका व जतिन के खिलाफ प्रभावी धाराओ में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं एसएसआई अंकुर शर्मा ने बताया कि लक्सर निवासी महिला के साथ दहेज प्रताड़ना का मामला प्रकाश में आया है महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपीयों के खिलाफ प्रभावी धाराओ में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।