दिल्ली : (फरमान मलिक) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप पार्टी के अन्य नेताओं की भी मुसीबत बढ़ती जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय ने आज सुबह आप विधायक गुलाब सिंह पर भी शिकंजा कसते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की है। समाचार एजेंसी एएनआई ने जानकारी दी है कि शनिवार सुबह से ही ईडी की टीम आप विधायक गुलाब सिंह के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और खबर लिखे जाने तक कार्रवाई जारी है। अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि गुलाब सिंह पर किन मामलों के तहत ईडी की छापेमारी चल रही है।
बता दें कि गुलाब सिंह यादव दिल्ली के मटियाला विधानसभा से विधायक हैं। गुलाब सिंह गुजरात का प्रभारी और सह प्रभारी भी रह चुके हैं। वहीं आम आदमी पार्टी का कहना है कि छापेमारी चल रही है। आप का कहना है कि रात तीन बजे से ही छापेमारी चल रही है। वहीं पार्टी को अभी तक ये पता नहीं है कि किस मामले में छापेमारी की जा रही है। ये छापेमारी दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को उत्पाद शुल्क नीति मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छह दिन की ईडी हिरासत में भेजे जाने के एक दिन बाद हुई है।
तानाशाही की राह पर है लोकतंत्र
गुलाब सिंह पर आयकर विभाग की छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए दिल्ली के मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र “अब तानाशाही की राह पर है”। उन्होंने कहा कि “न केवल भारत बल्कि दुनिया भर के लोगों को पता चल गया है कि भाजपा सरकार पूरे विपक्ष को जेल में डालने में व्यस्त है। यह देश रूस की राह पर चल रहा है। बांग्लादेश, पाकिस्तान, और उत्तर कोरिया में जो देखा गया अब भारत भी उसी राह पर है।
झूठे मामलों में जेल भेजे गए 4 शीर्ष नेता
उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र अब तानाशाही की राह पर है, जहां लोगों के बुनियादी अधिकार खत्म हो जाएंगे, जहां विपक्ष को रोका जाएगा। हमारे शीर्ष 4 नेता झूठे आरोप के मामले में जेल में हैं। हम गुजरात में चुनाव लड़ रहे हैं और पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह यादव के यहां आज छापे मारे जा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में आप नेताओं और अन्य विपक्षी नेताओं के यहां भी छापे मारे जाएंगे ताकि विपक्ष डरकर चुप हो जाए।
केंद्र सरकार पर संजय राउत का निशाना
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बात करते हुए शिवसेना(UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, “भाजपा के लिए इस बार का लोकसभा चुनाव कठिन है। लोगों को कष्ट देने का उनका कार्यक्रम जारी रहेगा। आज इस देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। किसी को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। भारत में इन दिनों रूस और चीन जैसा पैटर्न चल रहा है। जनता ने अरविंद केजरीवाल को अपना मुख्यमंत्री चुना है। इसलिए केवल लोग ही उनके भाग्य का फैसला करेंगे।