पिरान कलियर : (फरमान मलिक) पिरान कलियर के तिरंगा चौक पर आज बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी गुलजार चौधरी द्वारा फीता काटकर किया गया, जिसके साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
गुलजार चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए हुए रास्ते पर चलकर समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य सिर्फ जयंती मनाना नहीं, बल्कि लोगों खासकर युवाओं को जागरूक करना है, ताकि वे शिक्षा को अपनाकर अपने और समाज के भविष्य को बेहतर बना सकें।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवाओं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहां बाबा साहब के विचारों और उनके योगदान को याद किया गया। लोगों ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता व शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से कलियर चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम प्रधान, नोमी मिया साबरी और दानिश मलिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बाबा साहब के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज को एक नई दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम के आयोजक अजय कुमार, जो कमेटी अध्यक्ष भी हैं, ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जागरूक करने और युवाओं को प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और बाबा साहब के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


