मंगलौर/नारसन। ब्लॉक नारसन के ग्राम पीरपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य मोहम्मद इकराम के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम के अवसर पर विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षाफल के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ग्राम प्रधान मोहम्मद इंतजार ने प्रधानाचार्य मोहम्मद इकराम को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मोहम्मद इकराम ने अपने कार्यकाल में गांव के बच्चों की शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए सराहनीय प्रयास किए, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।

विदाई के समय विद्यालय का माहौल भावुक हो गया। स्टाफ और ग्रामीणों ने उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की। मुख्य अतिथि मोहम्मद इंतजार ने कहा कि उनका कार्यकाल विद्यालय और गांव के लिए स्वर्णिम रहा और उनकी सादगी व समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है।

सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मोहम्मद इकराम ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षण केवल एक पेशा नहीं बल्कि एक साधना है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पीरपुरा के बच्चों को अपने परिवार की तरह समझा और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने का प्रयास किया। उन्होंने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भले ही वे विद्यालय से विदा ले रहे हैं, लेकिन बच्चों और स्कूल से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।

कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफगण और ग्रामवासी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिनमें मौ० इकराम, रविंद्र कुमार, संजय कुमार, भारत भूषण, सुनीता रानी सहित गांव के सम्मानित लोग नूरहसन, अफजल, कुर्बान, नदीम अहमद, हिफाजत आदि शामिल रहे।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version