देहरादून : उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने पूर्व मंत्री एवं पीसीसी सदस्य दिनेश अग्रवाल एवं नगर निगम पार्षद राजेश परमार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि दिनेश अग्रवाल एवं राजेश परमार लम्बे समय से पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं जिसे पार्टी नेतृत्व ने गम्भीरता से लेते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस संगठन से दिनेश अग्रवाल लम्बे समय से नाराज चल रहे थे। कुछ दिन पूर्व संगठन में हुए जिला व महानगर स्तर की नियुक्तियों पर उन्होंने पहले भी नाराजगी जताई थी जिसके बाद उनके आवास पहुंचकर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने तीन घंटे की बातचीत के बाद मामले को कुछ शांत किया। लेकिन इस मामले में दिनेश अग्रवाल ने प्रदेश संगठन और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से दूरी बनाए रखी और पार्टी से अलग राह पर चलने का फैसला लिया। उन्होंने संक्षिप्त पत्र में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का फैसला लिया है। इसके बाद से उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं राजनितिक गलियारों में गूँज रही है।