पिरान कलियर : (फरमान मलिक) पिरान कलियर थाना क्षेत्र में सामाजिक एवं धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से “विशाल चौहान” नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर कलियर क्षेत्र में धार्मिक स्थलों एवं दुकानों के बाहर वीडियो बनाकर स्थानीय दुकानदारों के साथ अभद्रता करता है और बाद में उन वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर देता है।

पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार की गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल खराब हो सकता है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इस संबंध में गुलजार चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सौहार्द हमेशा से बना रहा है, लेकिन इस तरह की गतिविधियां माहौल खराब करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के बाहर वीडियो बनाकर उसे भड़काऊ अंदाज में प्रसारित करना ठीक नहीं है और इससे अनावश्यक तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

गुलजार चौधरी ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सामाजिक एवं धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ न कर सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्ती बरतनी चाहिए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे कृत्यों पर रोक लगाना आवश्यक है। पुलिस से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप की अपेक्षा की गई है।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version