रुड़की : (फरमान मलिक) पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक–एक रूड़की में राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अंतर्गत पुस्तक मेले का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य चन्द्र शेखर बिष्ट ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें ज्ञान-विज्ञान की दुनिया से जोड़ना रहा।

मेले में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्राथमिक वर्ग के बच्चों को चित्रों और कहानियों से सजी किताबों ने आकर्षित किया, जबकि माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने विज्ञान, साहसिक कथाओं और विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों में विशेष रुचि दिखाई। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने हिंदी–अंग्रेजी साहित्य, इतिहास और अन्य विषयों की पुस्तकों का अध्ययन कर अपनी ज्ञानवृद्धि की।
प्राचार्य चन्द्र शेखर बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते समय में किताबें केवल ज्ञान का स्रोत ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और संस्कारों को संजोने का माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे साहित्य का अध्ययन व्यक्ति को सोचने, समझने और बेहतर निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करता है। इसी कारण विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करना आवश्यक है।

उप-प्राचार्या संगीता खोराना ने बताया कि पुस्तक मेला विद्यार्थियों के लिए सीखने और समझने का एक शानदार अवसर है। यहाँ न केवल वे नई किताबों को देख सकते हैं, बल्कि पुस्तक विक्रेताओं से मार्गदर्शन लेकर अपनी पसंद और आवश्यकता के अनुसार पुस्तकें चुन भी सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता और अध्ययन की गति को और मजबूत करते हैं।
पुस्तकालयाध्यक्ष पूनम कुमारी ने जानकारी देते हुए कहा कि पुस्तक मेले पाठकों और पुस्तकों के बीच एक सेतु का काम करते हैं। यहाँ सभी विषयों से संबंधित किताबें एक ही जगह उपलब्ध होती हैं, जिससे विद्यार्थी आसानी से अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकें देख और पढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अध्यापिका नेहा चौबे, शिक्षक हरिनंद, देबी सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
Share this



