लंढौरा : (फरमान मलिक) लंढौरा क्षेत्र के शिकारपुर गांव निवासी दीपक कुमार के लिए सोमवार की शाम आखिरी सफर साबित हुई। बताया जा रहा है कि दीपक रुड़की से अपने गांव शिकारपुर लौट रहे थे। इसी दौरान नगला इमरती गांव के पास सड़क पर लटक रहा चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना दीपक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही उनके भाई मौके पर पहुंचे और घायल दीपक को उपचार के लिए रुड़की स्थित विनय विशाल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दीपक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उनके पार्थिव शरीर को शिकारपुर स्थित घर ले आए। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

वहीं, शिकारपुर के प्रधान पति नौशाद अली ने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देते हुए चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नौशाद अली ने कहा कि चाइनीज मांझा लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। यदि समय रहते इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में भी इस तरह के हादसे हो सकते हैं।

दीपक की मौत ने एक बार फिर चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version