रुड़की : पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, क्रमांक-एक रुड़की के प्रांगण में गणतंत्र दिवस का समारोह हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गय।

प्राचार्य चन्द्र शेखर बिष्ट ने विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनीता बिष्ट, उप प्राचार्या सुश्री संगीता खोराना, मुख्य अध्यापिका श्रीमती नेहा चौबे, शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ,अभिभावकों तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया तथा सभी ने एकजुट होकर राष्ट्रगान गाया।

इस अवसर पर विभिन्न रंगारंग प्रस्तुति ने मन मोह लिया। स्वागत गीत, देशभक्ति गीत, लोक-गीत नृत्य ने समां बाँध दिया. कार्यक्रम में विराट सैनी कक्षा 4 ब के विद्यार्थी ने कविता पाठ से सबका मन मोह लिया।

कक्षा 9 की पीहू भारद्वाज ने अपने ओजस्वी भाषण से सबको मुग्ध कर दिया| सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामना देते हुए प्राचार्य चन्द्र शेखर बिष्ट ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। इसका श्रेय भारतीय संविधान को जाता है।

यह संविधान ही है जो भारत के सभी जाति और वर्ग के लोगों को एक दूसरे से जोड़े रखता है। भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। संविधान को लागू करने के लिए 26 जनवरी का दिन इसलिए चुना गया, क्योंकि 1930 में इसी दिन कांग्रेस के अधिवेशन में भारत को पूर्ण स्वराज की घोषणा की गई थी।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के इतिहास का स्वर्णिम दिन है। इस दिन भारत एक लोकतांत्रिक और संवैधानिक राष्ट्र बन गया। अपने शुभकामना सन्देश में उप प्राचार्या सुश्री संगीता खोराना ने कहा कि गणतंत्र का अर्थ है, वह राज्य या राष्ट्र जिसमें समस्त राज्यसत्ता जनसाधारण के हाथ में हो और वे सामूहिक रूप से या अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों के द्वारा शासन और न्याय का विधान करते हों।

भारत के स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ी मेहनत और संघर्ष करके ही भारत को पूर्ण स्वराज्य दिलाया है और इसकी रक्षा करना हम सभी का प्रथम कर्तव्य है| कार्यक्रम का सञ्चालन कक्षा ग्यारह के शिवम् एवं कशिश शर्मा ने किया| इस अवसर पर सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version