पिरान कलियर: हज़रत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर कलियरी (रह.) के सालाना उर्स की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दरगाह साबिर पाक में जुमेरात से रंग-रोगन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उर्स को लेकर प्रशासन के साथ-साथ अकीदतमंद भी अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।
दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स रबीउल अव्वल का चांद दिखाई देने के बाद परचम कुशाई और मेहंदी डोरी की रस्म के साथ शुरू होगा। उर्स के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पहुंचकर हाज़िरी देंगे।
इसी सिलसिले में सज्जादानशीन की जानिब से भी उर्स की तैयारियों का आगाज़ कर दिया गया है। सज्जादानशीन की तरफ से रोज़ा-ए-मुबारक पर रंग-रोगन का काम शुरू करा दिया गया है, ताकि सालाना उर्स से पहले दरगाह शरीफ़ को ख़ूबसूरत, पुरनूर और बेहतर अंदाज़ में जायरीनों के इस्तक़बाल के लिए तैयार किया जा सके।
साहिबज़ादा शाह यावर मंजर ऐजाज़ साबरी और उनके भाई नौमी मियां ने बताया कि उनकी ओर से भी उर्स की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि उर्स की सभी रस्में सज्जादानशीन दरगाह हुज़ूर साबिर पाक (रह.) हज़रत शाह अली मंजर ऐजाज़ कुद्दूसी साबरी की सरपरस्ती में अदा की जाएंगी।



