पिरान कलियर : (फरमान मलिक) दरगाह प्रबंधन को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं और विवादों के बीच बड़ा प्रशासनिक परिवर्तन सामने आया है। दरगाह की प्रबंधक रजिया बैग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए जिलाधिकारी को सौंपा।

हाल ही में दरगाह प्रबंधन पर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगे थे। इसी आधार पर जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने 8 नवंबर को रजिया बैग को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस के बाद से ही यह संभावना जताई जा रही थी कि प्रशासन कड़े कदम उठा सकता है, लेकिन उससे पहले ही रजिया बैग ने पद छोड़ दिया।

जिलाधिकारी ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए दरगाह की सभी वित्तीय और प्रशासनिक जिम्मेदारियाँ तत्काल प्रभाव से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को सौंप दी हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दरगाह की आय-व्यय, अनुबंध, वसूली, भुगतान और अन्य प्रक्रियाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाए। इसके लिए सक्षम राजस्व अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का मानना है कि प्रशासन का यह कदम दरगाह प्रबंधन में सुधार और पारदर्शिता की दिशा में एक नई शुरुआत साबित हो सकता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद दरगाह की कार्यप्रणाली और निगरानी में और अधिक स्पष्टता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version