रुड़की : (फरमान मलिक) पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, बी ई जी एवं सी, रूड़की में 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता बिष्ट एवं विद्यालय के प्राचार्य चन्द्र शेखर बिष्ट ने मुख्य अध्यापिका श्रीमती नेहा चौबे, खेल शिक्षक हरिनंद, सभी शिक्षकों, शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात सभी ने एकजुट होकर राष्ट्रगान गाया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और योग कला की शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्राचार्य चन्द्र शेखर बिष्ट ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज़ादी हमें जिम्मेदारी के साथ मिली है और यह हमारे पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान की अनमोल धरोहर है। उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार पटेल, जवाहरलाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह सहित स्वतंत्रता संग्राम के सभी महानायकों को नमन किया।

मुख्य अध्यापिका नेहा चौबे ने कहा कि यह दिन विविधता में एकता का अनुभव कराता है और हमें देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत करता है। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 के विद्यार्थी कशिश शर्मा, इशान गुप्ता, अभिजीत राघव और कक्षा 10 की शताक्षी चौहान ने किया।

Share this

Comments are closed.

Exit mobile version